
नई दिल्ली । देश में फिटनेस और साइकिलिंग को बढ़ावा देने के लिए खेल मंत्रालय की ओर से शुरू की गई पहल ‘संडेज ऑन साइकिल’ रविवार, 29 नवंबर को अपना 100वां सत्र पूरा करने जा रही है। इस खास मौके पर देशभर में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया पुणे में होने वाले मुख्य आयोजन का नेतृत्व करेंगे। इसमें करीब 50 हजार साइकिल प्रेमियों के शामिल होने की उम्मीद है।
इस विशेष अवसर पर देश के 100 प्रमुख और ऐतिहासिक स्थलों पर भी साइकिलिंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। खास बात यह है कि इन आयोजनों में 100 भारतीय ओलंपियन भी हिस्सा लेंगे। इस बार कार्यक्रम की थीम ‘इंडिया रेडी फॉर ओलंपिक्स’ रखी गई है। इसके जरिए लोगों को ओलंपिक खेलों के प्रति जागरूक करने और देश में खेलों की संस्कृति को मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा।
दिसंबर 2024 में शुरू हुई इस पहल ने पिछले दो वर्षों में लंबा सफर तय किया है। इसकी शुरुआत नई दिल्ली के 250 स्थानों पर महज 500 प्रतिभागियों के साथ हुई थी। धीरे-धीरे यह कार्यक्रम देशभर में लोकप्रिय हुआ और अब एक बड़े जन अभियान का रूप ले चुका है।
100वें आयोजन के जरिए मंत्रालय का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को साइकिलिंग और नियमित शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना है, ताकि फिटनेस को आम जीवन का हिस्सा बनाया जा सके।
















