
भोपाल। भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब एक बार फिर अपने नाम कर लिया है। मौजूदा चैंपियन भारत ने फाइनल मुकाबले में चीन को 3-1 से हराकर रिकॉर्ड चौथी बार यह ट्रॉफी जीत ली। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखा।
फाइनल मुकाबले में चीन ने शुरुआत से ही भारतीय टीम को कड़ी टक्कर दी। पहले हाफ के समाप्त होने तक चीन ने 1-0 की बढ़त बना ली थी। हालांकि, दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की और लगातार तीन गोल दागकर मुकाबले का रुख पलट दिया।
भारत की ओर से दीपिका ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो गोल किए, जबकि इशिका ने एक गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित की। शानदार खेल के लिए दीपिका को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं, टूर्नामेंट में तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में जापान ने मलेशिया को 5-2 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
इस खिताबी जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने चौथी बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। टीम के इस प्रदर्शन से देशभर के हॉकी प्रेमियों में खुशी का माहौल है।












