छत पर बम बनाते समय विस्फोट: हिस्ट्रीशीटर समेत दो की मौत, CCTV वीडियो वायरल

0
11

भुवनेश्वर । ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में कच्चा बम बनाते समय हुए जोरदार विस्फोट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। धमाके में एक हिस्ट्रीशीटर और उसकी पत्नी की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं।

छत पर बम बना रहा था हिस्ट्रीशीटर

मिली जानकारी के अनुसार 27 जनवरी को शहर में एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर शहनवाज मलिक अपने घर की छत पर कथित रूप से देसी (क्रूड) बम तैयार कर रहा था। इस दौरान उसकी पत्नी, मां, मंगेतर और एक दोस्त भी वहां मौजूद थे। बम तैयार करते समय अचानक तेज धमाका हो गया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।

धमाके में शहनवाज मलिक (26) गंभीर रूप से झुलस गया। घटना में उसकी मां लिलातुन बीबी, मंगेतर तृप्तिमयी महल (23) और दोस्त अमीया मल्लिक (27) भी घायल हुए। इलाज के दौरान शहनवाज मलिक की मौत हो गई। बाद में उसकी पत्नी लिजातुन बीबी ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि पूरी घटना छत पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वायरल वीडियो में धमाके के बाद भगदड़ मचती दिखाई दे रही है। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शहनवाज मलिक किसी आपराधिक मंशा से बम तैयार कर रहा था। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विस्फोट के पीछे की सटीक वजह, आपराधिक एंगल तथा अन्य संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वायरल वीडियो को बिना पुष्टि के आगे साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here