
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने नवा रायपुर क्षेत्र में लगातार हो रही केबल और लोहे के सामान की चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पिछले 3 से 4 वर्षों से सुनसान और निर्माणाधीन इलाकों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस को यह मामला तब सामने आया जब नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई कि सेक्टर-24 सतनाम चौक समेत कई स्थानों से निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले लोहे के छड़, रेलिंग, जालियां, रोड किनारे लगे रॉड और केबल तार लगातार चोरी हो रहे हैं।
29 जून की रात एनआरडीए पेट्रोलिंग टीम ने दो संदिग्धों को केबल चोरी करते हुए देखा और पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दोनों अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। इसके बाद थाना राखी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र, तकनीकी साक्ष्यों और पुराने चोरी के मामलों का विश्लेषण किया। लगातार निगरानी के बाद आरोपियों की पहचान विजय कुमार ठाकुर और विक्की सवरा के रूप में हुई।
हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों ने चोरी की वारदातें स्वीकार कर लीं। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लोहे के छड़, एंगल, रेलिंग, सड़क किनारे लगे लोहे के रॉड, रेलवे पटरी के टुकड़े और केबल तार बरामद किए।
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य चोरी के मामलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।



















