इंडिगो संकट: DGCA ने चार फ्लाइट ऑपरेशंस इंस्पेक्टर्स को तुरंत हटाया

0
56

नई दिल्ली । इंडिगो एयरलाइंस में चल रहे ऑपरेशनल संकट के बीच DGCA ने कड़ा फैसला लिया है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने चार फ्लाइट ऑपरेशंस इंस्पेक्टर्स को तुरंत प्रभाव से हटा दिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि इंडिगो की निगरानी में गंभीर खामियां थीं।

हटाए गए अधिकारियों में ऋष राज चटर्जी, सीमा झमनानी, अनिल कुमार पोखरियाल और प्रियम कौशिक शामिल हैं। ये सभी कॉन्ट्रैक्ट पर DGCA में तैनात थे और इंडिगो के संचालन की विशेष निगरानी का काम देखते थे। 11 दिसंबर को जारी आदेश के बाद इन्हें उनके मूल संगठनों में वापस भेज दिया गया है।

पिछले कुछ हफ्तों में इंडिगो ने बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द कीं, जिससे यात्रियों को गंभीर परेशानी हुई। क्रू की कमी और नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन नियमों को लागू करने में गड़बड़ियां इसके मुख्य कारण बताए गए। DGCA को संदेह था कि इंडिगो की निगरानी ठीक से नहीं हो रही थी।

एक विशेष टीम ने इन इंस्पेक्टर्स की रिपोर्टिंग, निरीक्षण रिकॉर्ड और हाल की गतिविधियों की जांच की। जांच में नियमित ऑडिट न होना, सुरक्षा समीक्षा में लापरवाही और क्रू मैनेजमेंट की अनदेखी जैसी कई चूकें पाई गईं। इन्हीं आधारों पर कार्रवाई की गई है।

DGCA का कहना है कि नए नियमों और क्रू उपलब्धता से जुड़े संकट के दौरान निगरानी की जिम्मेदारी और बढ़ गई थी। यह कदम इंडिगो संकट के दौरान DGCA की पहली बड़ी आंतरिक कार्रवाई माना जा रहा है। इससे पहले DGCA ने इंडिगो के CEO को तलब किया था और एयरलाइन के ऑपरेशंस की अतिरिक्त समीक्षा के लिए एक विशेष टीम बनाई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here