
रायपुर के तिलक नगर स्थित शासकीय आदर्श उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की छात्रा महिमा राजपूत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन स्पेस किड्ज़ इंडिया के प्रतिष्ठित मिशन शक्तिसैट के राष्ट्रीय फाइनलिस्ट के रूप में हुआ है।
महिमा अब 23 अगस्त से नई दिल्ली में आयोजित होने वाली आठ दिवसीय शक्तिसैट कार्यशाला में हिस्सा लेंगी। इस मिशन में विभिन्न देशों से चयनित 108 छात्राएं भाग लेंगी, जो मिलकर शक्तिसैट उपग्रह के निर्माण में योगदान देंगी।
कार्यशाला के दौरान तैयार किए जाने वाले दो सैटेलाइट्स में से एक को चंद्रमा की कक्षा में स्थापित किया जाएगा, जबकि दूसरे को चंद्रमा की सतह पर उतारने के उद्देश्य से विकसित किया जाएगा। इन उपग्रहों का प्रक्षेपण अक्टूबर माह में श्रीहरिकोटा से इसरो द्वारा किया जाएगा।
महिमा की इस उल्लेखनीय सफलता पर रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने उन्हें सम्मानित करते हुए शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
















