RCB vs SRH Highlights: चिन्नास्वामी में रनों की बारिश, विराट कोहली की पारी ने मैच में भरी जान
RCB की यह जीत नेट रन रेट के लिहाज से भी अहम है|
बेंगलुरु, 29 मार्च — आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को छह विकेट से हरा दिया। चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में RCB ने 202 रनों का लक्ष्य सिर्फ 15.4 ओवर में हासिल कर लिया।
RCB की जीत के हीरो विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल रहे, जिन्होंने शानदार अर्धशतक लगाए। पडिक्कल ने 26 गेंदों में 61 रन की तेज पारी खेली, जबकि कोहली 38 गेंदों में 69 रन बनाकर नाबाद रहे।
लक्ष्य का पीछा करते हुए RCB को शुरुआत में फिल सॉल्ट का विकेट जल्दी गंवाना पड़ा। इसके बाद कोहली और पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 45 गेंदों में 101 रन जोड़कर मैच पूरी तरह अपने पक्ष में कर लिया।
पडिक्कल ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। उन्होंने अपनी फिफ्टी मात्र 21 गेंदों में पूरी की। वहीं कोहली ने संयम और क्लास के साथ बल्लेबाजी करते हुए रन गति को बनाए रखा और 33 गेंदों में अर्धशतक जड़ा।
RCB ने तेज शुरुआत करते हुए चौथे ओवर में ही 50 रन पूरे कर लिए थे। पावरप्ले में टीम का स्कोर 76 रन तक पहुंच गया, जिससे SRH पर दबाव बढ़ गया। 8.1 ओवर में टीम ने 100 रन का आंकड़ा भी पार कर लिया।
पडिक्कल के आउट होने के बाद कप्तान रजत पाटीदार ने 12 गेंदों में 31 रन बनाकर मैच को और आसान बना दिया। हालांकि बीच में कुछ विकेट जरूर गिरे, लेकिन कोहली अंत तक टिके रहे और उन्होंने ही चौके लगाकर टीम को जीत दिलाई।
इससे पहले, SRH ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 201 रन बनाए थे। टीम के लिए ईशान किशन ने कप्तानी पारी खेलते हुए 38 गेंदों में 80 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 5 छक्के लगाए।
किशन ने हेनरिक क्लासेन (31 रन) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी की, जिससे SRH मजबूत स्कोर तक पहुंच सका। हालांकि, अंत में लगातार विकेट गिरने से टीम 200 के आसपास ही रुक गई।
मैच के दौरान एक अहम मोड़ तब आया जब क्लासेन ने कोहली का कैच 28 रन पर छोड़ दिया। इसके बाद कोहली ने इसका पूरा फायदा उठाते हुए मैच जिताऊ पारी खेली।
कुल मिलाकर, यह मुकाबला हाई-स्कोरिंग और रोमांच से भरपूर रहा, लेकिन कोहली और पडिक्कल की शानदार बल्लेबाजी ने इसे एकतरफा बना दिया।
9 साल बाद रेड-बॉल क्रिकेट में धमाकेदार वापसी: एविन लुईस ने लिया संन्यास वापस
IPL 2026: रायपुर में 10 और 13 मई को खेले जाएंगे बड़े मुकाबले, क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह

टीम इंडिया के घरेलू सीजन 2026-27 का ऐलान, 17 शहरों में 22 मैच खेलेगी भारत

























