
रायपुर राजधानी रायपुर में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 30 दिनों में रकम दोगुनी करने का लालच देकर 20 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर खमतराई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
व्हाट्सएप लिंक भेजकर ट्रेडिंग ग्रुप में जोड़ा
पुलिस के अनुसार, साम्राज्य रेसिडेंसी, खमतराई निवासी विशाल गोयल (41) को 13 फरवरी की सुबह अनिका शर्मा नाम की महिला का फोन आया। महिला ने खुद को ऑनलाइन ट्रेडिंग से जुड़ा बताते हुए 30 दिन में निवेश की रकम दोगुनी करने का दावा किया।
इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजकर पीड़ित को एक ऑनलाइन ट्रेडिंग ग्रुप से जोड़ दिया।
पांच किस्तों में ट्रांसफर कराए 20 लाख रुपये
आरोप है कि महिला ने अलग-अलग तारीखों में निवेश के नाम पर अपने बताए बैंक खातों में पांच किस्तों में कुल 20 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। रकम जमा होने के बाद न तो कोई मुनाफा मिला और न ही मूल राशि वापस की गई।
साइबर सेल कर रही जांच
खुद के साथ ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करें और कम समय में दोगुना मुनाफा दिलाने जैसे झूठे दावों के झांसे में न आएं।















