
रायपुर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय महिला आयोग के कार्यालय में आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर से सौजन्य भेंट की। इस दौरान महिलाओं के अधिकारों, जागरूकता और सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित महिला अधिकार एवं जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम के आयोजन को लेकर भी चर्चा की गई। डॉ. ममता साहू ने कार्यक्रम को प्रभावी तरीके से आयोजित करने के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया।
महिलाओं को अधिकारों की जानकारी देने पर जोर
प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रम के जरिए महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों और उपलब्ध सहायता तंत्र की जानकारी देने पर जोर रहेगा। साथ ही महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
राष्ट्रीय महिला आयोग के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम प्रदेश में महिला अधिकारों को लेकर जमीनी स्तर पर जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
महिला सशक्तिकरण के लिए बढ़ाया जा रहा समन्वय
छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की ओर से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण को केंद्र में रखकर लगातार जागरूकता एवं प्रशिक्षण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
राष्ट्रीय महिला आयोग के साथ समन्वय से प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रम के जरिए इन प्रयासों को और व्यापक बनाने तथा अधिक महिलाओं तक अधिकारों और सहायता से जुड़ी जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
















