भारतीय ग्रैंडमास्टर प्रणेश एम. ने जीता कनिजसा ओपन 2026 का खिताब

0
8

नई दिल्ली भारतीय ग्रैंडमास्टर प्रणेश एम. ने हंगरी के नागीकानिजा में आयोजित कनिजसा ओपन 2026 के ग्रुप-ए का खिताब अपने नाम कर लिया। नौ राउंड के रोमांचक मुकाबलों के बाद प्रणेश ने कुल 7 अंक हासिल किए और बेहतर टाई-ब्रेक के आधार पर विजेता बने।

प्रणेश के साथ इजरायल के ओर ब्रोनस्टीन, यूक्रेन के आंद्रे वोलोकिटिन और भारत के कार्तिक वेंकटरमन ने भी 7-7 अंक हासिल किए, लेकिन बेहतर टाई-ब्रेक के चलते प्रणेश को पहला स्थान मिला। ब्रोनस्टीन दूसरे, वोलोकिटिन तीसरे और कार्तिक वेंकटरमन चौथे स्थान पर रहे।

आखिरी राउंड में ड्रॉ ने बदला समीकरण

कार्तिक वेंकटरमन के पास सीधे खिताब जीतने का मौका था, लेकिन अंतिम राउंड में उनका मुकाबला वोलोकिटिन के साथ ड्रॉ रहा। दोनों खिलाड़ियों के 7 अंक रहे। वहीं ब्रोनस्टीन ने अंतिम राउंड में आईएम बेनी आइजेनबर्ग को हराकर शीर्ष खिलाड़ियों के समूह में जगह बनाई।

कई भारतीय खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन

226 खिलाड़ियों वाले ग्रुप-ए में नीलाष साहा ने 6.5 अंक के साथ 10वां स्थान हासिल किया। वहीं नीतीश बेलुरकर 6 अंकों के साथ 20वें, अजय संतोष पर्वथारेड्डी 21वें और भट्टाचार्य सोहम 23वें स्थान पर रहे।

भारत के 79वें ग्रैंडमास्टर बने थे प्रणेश

26 अगस्त 2006 को तमिलनाडु के कराईकुडी में जन्मे प्रणेश जनवरी 2023 में रिल्टन कप जीतने के बाद भारत के 79वें ग्रैंडमास्टर बने थे। उन्होंने 2020 में दिल्ली जीएम ओपन में इंटरनेशनल मास्टर का खिताब और अपना पहला जीएम नॉर्म हासिल किया था। वर्ष 2025 में उन्होंने चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स के चैलेंजर्स सेक्शन का खिताब भी जीता था।

प्रणेश की यह उपलब्धि अंतरराष्ट्रीय शतरंज में भारतीय खिलाड़ियों के लगातार मजबूत प्रदर्शन को दर्शाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here