सुचारू यातायात व्यवस्था जिले का आईना: एसएसपी विजय अग्रवाल

0
8

नवरात्रि पर्व को लेकर अधिकारियों की समीक्षा बैठक, भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त बल और चेकिंग के निर्देश


भिलाईl। नवरात्रि पर्व और आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए दुर्ग डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने यातायात व्यवस्था की समीक्षा बैठक ली। नेहरू नगर स्थित यातायात मुख्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात संचालन, सड़क सुरक्षा और प्रभावी ट्रैफिक नियंत्रण के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में धार्मिक स्थलों, प्रमुख बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल और चेकिंग पॉइंट तैनात कर यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

दुर्घटना संभावित स्थानों पर होगा सुधार

एसएसपी अग्रवाल ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और बार-बार हादसे वाले स्थानों को चिन्हांकित करने के निर्देश दिए। इन स्थानों पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर जरूरी सुधारात्मक कार्य कराने पर जोर दिया गया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

बैठक में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। खासतौर पर नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने, ओवरलोडिंग और वाहनों में ब्लैक फिल्म के इस्तेमाल पर कार्रवाई करने को कहा गया।

पुलिस अधिकारियों को प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए। लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल, सुरक्षित वाहन चलाने और नशे में वाहन नहीं चलाने के लिए जागरूक किया जाएगा।

दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील

दुर्ग पुलिस ने नवरात्रि और त्योहारी सीजन के दौरान नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने को कहा है।

पुलिस ने लोगों से शराब पीकर या तेज रफ्तार में वाहन नहीं चलाने और नाबालिगों को वाहन न चलाने देने की अपील की है। साथ ही सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की बात कही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here