
jmdbet777.com के पैनल से चलाता था ऑनलाइन सट्टा, पहले 92.50 लाख रुपये की सामग्री जब्त कर 6 आरोपियों को पकड़ा गया था
रायपुर में ऑनलाइन बैटिंग साइट jmdbet777.com के पैनल से सट्टा संचालित करने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी नितिन मोटवानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले नौ महीने से फरार था। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना से संबंधित दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ऑनलाइन बैटिंग साइट का पैनल संचालित करता था और उसके जरिए ऑनलाइन सट्टे का कारोबार चलाया जा रहा था।
पहले छह सटोरियों की हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस ने गंज थाना क्षेत्र के नागोराव गली अंडरब्रिज के पास चारपहिया वाहनों में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने के मामले में पहले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
उस दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 37.50 लाख रुपये नकद, 5 लाख रुपये कीमत के 10 मोबाइल फोन और तीन कारें जब्त की थीं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 92.50 लाख रुपये बताई गई थी।
जब्त वाहनों में दो महिंद्रा थार और एक नेक्सा XL6 कार शामिल थीं।
रायपुर में मौजूदगी की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी
इस मामले में ऑनलाइन बैटिंग साइट jmdbet777.com की आईडी लेकर पैनल संचालित करने वाला मुख्य आरोपी नितिन मोटवानी घटना के बाद से फरार था। पुलिस की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को आरोपी की रायपुर में मौजूदगी की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने उसकी पतासाजी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान नितिन मोटवानी ने ऑनलाइन बैटिंग साइट के पैनल का संचालन करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए।
आरोपी के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितिन मोटवानी (45), पिता बीजू मोटवानी, निवासी सी-304 पाल्म बैलाजियो, थाना खम्हारडीह, रायपुर के रूप में हुई है।
मामला गंज थाना में अपराध क्रमांक 30/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) में दर्ज है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।













