ई-रिक्शा और ऑटो में QR कोड लगाने के लिए यातायात पुलिस का प्रशिक्षण, 1 जुलाई से विशेष अभियान

0
113

रायपुर यातायात पुलिस ने ई-रिक्शा और ऑटो में QR कोड चस्पा करने की प्रक्रिया को सुचारु रूप से लागू करने के लिए यातायात थाना प्रभारियों और क्यूआरटी टीम को विशेष प्रशिक्षण दिया। यह प्रशिक्षण यातायात मुख्यालय कालीबाड़ी में आयोजित किया गया।

बैठक में शहर के सभी यातायात थाना प्रभारी, उनका स्टाफ और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) के सदस्य शामिल हुए। अधिकारियों को QR कोड चस्पा करने की पूरी प्रक्रिया, निर्धारित मानकों और आवश्यक नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।

यातायात पुलिस ने बताया कि 1 जुलाई से अगले 7 दिनों तक सभी पंजीकृत ई-रिक्शा और ऑटो में निःशुल्क QR कोड लगाए जाएंगे। इस दौरान वाहन नंबर और QR कोड में दर्ज जानकारी का मिलान कर कोड को वाहन पर सुरक्षित रूप से लगाया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य ई-रिक्शा और ऑटो चालकों का व्यवस्थित डेटा संधारण, यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाना और नागरिकों की सुरक्षा बढ़ाना है। QR कोड स्कैन कर यात्री वाहन और चालक की आवश्यक जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

यातायात पुलिस ने सभी पंजीकृत ई-रिक्शा और ऑटो चालकों से अपील की है कि पुलिस द्वारा संपर्क किए जाने पर निर्धारित थाना में वाहन लेकर पहुंचें और इस अभियान में सहयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here