
कोण्डागांव । कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं।
जनदर्शन में कलेक्टर ने आमजनों से प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से अवलोकन किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राशन, सड़क और शिक्षकों से जुड़ी मांगें
जनदर्शन में ग्राम मोहपाल की सियाबती नेताम ने राशन कार्ड होने के बावजूद राशन नहीं मिलने की समस्या को लेकर आवेदन दिया। वहीं ग्राम भुरकाभाटा के ग्रामीणों ने मक्का विक्रय की राशि दिलाने की मांग रखी।
ग्राम आंवराभाटा निवासी पुनीत राम नेताम ने आवंराभाटा से छोटे तरईबेड़ा मार्ग पर पुल निर्माण की मांग की। ग्राम मालाकोट निवासी परसू राम बघेल ने माध्यमिक शाला और हायर सेकेंडरी स्तर की कक्षाओं के लिए शिक्षकों की नियुक्ति की मांग रखी।
इसके अलावा जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से अन्य समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय में निराकरण करने के निर्देश दिए।

















