
रायपुर राजधानी रायपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में शामिल दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में संदिग्ध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुढ़ियारी थाना पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक बड़ी वारदात की तैयारी में हैं। इसके बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ लिया।
पहले की रेकी, फिर बनाई डकैती की योजना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की योजना बनाई थी। इसके लिए 1 अप्रैल 2026 को ज्वेलर्स की रेकी कर सुरक्षा व्यवस्था और संभावित रास्तों की जानकारी जुटाई गई थी। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी मोबाइल के जरिए गिरफ्तार आरोपियों के संपर्क में थे और रेकी की तस्वीरें साझा कर पूरी योजना तैयार की गई थी।
हथियार और मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और 2,500 रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस अब हथियारों के स्रोत, पूरे गिरोह के नेटवर्क और साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
गुढ़ियारी थाना में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4) (डकैती का प्रयास) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- देवांश शर्मा (19 वर्ष), निवासी सागरपुर, नई दिल्ली
- सुशांत कुमार पासवान (19 वर्ष), निवासी नजफगढ़, नई दिल्ली
- मयंक सिंह (19 वर्ष), निवासी सिकंदरपुर, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार
पुलिस ने बताया कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे गिरोह के नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।


















