
ऐतिहासिक उपलब्धि पर दी बधाई, कहा- छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं विश्व मंच पर रच रही हैं नया इतिहास
रायपुर कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली ज्ञानेश्वरी यादव को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वीडियो कॉल के माध्यम से बधाई दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
कड़ी मेहनत का मिला फल : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की यह सफलता वर्षों की कठिन मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर भारत और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाती रहेंगी।
खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका उद्देश्य प्रदेश की प्रतिभाओं को विश्व स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेहतर अवसर प्रदान करना है।
मुख्यमंत्री का जताया आभार
ज्ञानेश्वरी यादव ने मुख्यमंत्री के प्रोत्साहन और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का आशीर्वाद और प्रदेशवासियों का स्नेह उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए नई प्रेरणा और ऊर्जा देगा।
राजनांदगांव की बेटी ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव
राजनांदगांव निवासी ज्ञानेश्वरी यादव वर्तमान में छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पद पर कार्यरत हैं। खेल और सेवा, दोनों क्षेत्रों में उनका समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में रजत पदक जीतकर उन्होंने न केवल भारत, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का मान भी बढ़ाया है।

















