
रायपुर खमतराई थाना क्षेत्र में हुए हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी और विधि से संघर्षरत एक बालक सहित कुल दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 जून 2026 को डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित क्रिकेट मैदान के पास एक व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में मिला था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर उसकी हत्या की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतक की पहचान रूपेश सारथी (35 वर्ष) निवासी शहीद नगर, खमतराई के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों, स्थानीय लोगों और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
जांच में शिवा सोनानी उर्फ तुषार का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन दोनों शराब के नशे में थे। इसी दौरान जीटी कॉम्प्लेक्स के पास मृतक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों ने रूपेश के साथ मारपीट की, उसे वाहन में बैठाकर सुनसान जगह ले गए और वहां पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन और वारदात में इस्तेमाल पत्थर जब्त कर लिया है। दोनों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की दो पल्सर मोटरसाइकिलें, जिनकी कुल कीमत करीब 1.60 लाख रुपये है, बरामद की हैं। इन मामलों में भी अलग से कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



















