
भिलाईनगर डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए नगर पालिक निगम भिलाई और स्वास्थ्य विभाग द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
घर-घर पहुंची संयुक्त टीम
निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय के निर्देश पर जोन-3 मदर टेरेसा नगर क्षेत्र के वार्ड-35 शारदा पारा स्थित कुष्ठ बस्ती और भैरव बस्ती में विशेष अभियान चलाया गया। निगम के विशेष दस्ते और जिला मलेरिया विभाग की संयुक्त टीम ने घर-घर जाकर सर्वे किया।
कूलर और पानी के बर्तनों की जांच
टीम ने घरों में रखे कूलर, पानी की टंकियां, ड्रम और पुराने कंटेनरों की जांच की। जहां मच्छरों के लार्वा पाए गए, वहां जमा पानी तुरंत खाली कराया गया।
कीटनाशकों का छिड़काव
मच्छर नियंत्रण के लिए एक्यूगार्ड और मैलाथियान का छिड़काव किया गया। साथ ही नालियों और ठहरे पानी वाले स्थानों पर भी कीटनाशकों का उपयोग किया गया।
लोगों को दी गई स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
अभियान के दौरान नागरिकों को मच्छरदानी उपयोग करने, घर के आसपास पानी जमा नहीं होने देने और व्यक्तिगत साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी गई। बचाव संबंधी पाम्पलेट भी वितरित किए गए।
निगम की अपील
नगर निगम प्रशासन ने लोगों से सप्ताह में कम से कम एक बार कूलर और पानी के बर्तनों को साफ और सूखा रखने की अपील की है, ताकि डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों के प्रसार को रोका जा सके।



















