
बेवर-फर्रुखाबाद मार्ग पर दहेड़ मोड़ के पास हुआ हादसा, चार घायलों की हालत गंभीर; एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर निजी वाहन से ले जाना पड़ा अस्पताल
मंगलवार दोपहर दहेड़ मोड़ के पास तीन बाइकों की भिड़ंत में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बिछवां थाना क्षेत्र के जसरऊ गांव निवासी अतुल, दीपक और अंकुश बाइक से नीम करौरी धाम दर्शन करने गए थे। वापस लौटते समय दहेड़ मोड़ के पास उनकी बाइक की फर्रुखाबाद के गुरुऊ शादी नगर निवासी जीतू, केशव और कृष्णा की बाइक से टक्कर हो गई। इसी दौरान खाद की बोरी लेकर वहां से गुजर रहे करपिया निवासी हिमांशु भी दुर्घटना की चपेट में आ गए।
अस्पताल में युवक को मृत घोषित किया
हादसे में कुल छह लोग घायल हुए। पुलिस ने सभी को बेवर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कृष्णा को मृत घोषित कर दिया। अतुल, दीपक, जीतू और केशव की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं, हिमांशु को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर परिजनों में नाराजगी
घायलों को जिला अस्पताल रेफर किए जाने के करीब एक घंटे बाद तक सरकारी एंबुलेंस नहीं पहुंची। इससे नाराज परिजन जीतू और केशव को निजी पिकअप वाहन से जिला अस्पताल लेकर गए।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।











