
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र के खम्हार चौक में तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बिहामाटी गांव के तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर खम्हार चौक पहुंचे थे। होटल की ओर जाने के लिए सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
कार चालक मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है।



















