तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से स्कूटी सवार पिता-पुत्र की मौत, पत्नी गंभीर घायल

0
10

गौरेला-पेंड्रा-मरवाहीजिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई। राय पेट्रोल पंप के पास कोयले से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे पिता और उनके मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। उनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, कुडकई गांव निवासी परिवार स्कूटी से पेंड्रा की ओर जा रहा था। इसी दौरान ओवरटेक करने के प्रयास में ट्रेलर अनियंत्रित होकर स्कूटी से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पिता-पुत्र ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और पेंड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद भाग रहे ट्रेलर का स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे रोक लिया और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

जांच शुरू, सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल

पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण और क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त बनाने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here