
हसदेव नदी में डूबे थे तीन छात्र, ड्रोन और गोताखोरों की मदद से तलाश जारी
जांजगीर-चांपा । जिले के पंतोरा क्षेत्र स्थित देवरी पिकनिक स्पॉट पर हसदेव नदी में डूबे तीन छात्रों में से एक का शव दूसरे दिन बरामद कर लिया गया है। लापता छात्र पवन पाल का शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर मिला। वहीं मुरारी साहू और सचिन सिंह की तलाश अभी भी जारी है।
हादसे के करीब 24 घंटे बाद भी दोनों छात्रों का पता नहीं चल पाया है। शनिवार सुबह से SDRF और DDRF की टीमें नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। सर्च अभियान में दो ड्रोन और गोताखोरों की भी मदद ली जा रही है।
पिकनिक के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, 11 सितंबर को बिलासपुर के चौकसे इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ने वाले चार युवतियां और तीन युवक पिकनिक मनाने देवरी पहुंचे थे। उनके साथ एक कार चालक भी था। नाश्ता करने के बाद सभी हसदेव नदी में नहाने के लिए उतरे।
इसी दौरान तीन युवक पवन पाल, मुरारी साहू और सचिन सिंह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। सूचना मिलते ही DDRF की टीम ने शुक्रवार शाम से ही तलाश शुरू कर दी थी। शनिवार को पवन पाल का शव बरामद होने के बाद बाकी दोनों छात्रों की तलाश तेज कर दी गई।
मौके पर पहुंचे अधिकारी और परिजन
रेस्क्यू अभियान की निगरानी के लिए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। एसडीएम अकलतरा सुमित बघेल समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर बचाव अभियान की जानकारी ली।
हादसे की खबर मिलने के बाद छात्रों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। अपनों की तलाश में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवारों में मातम का माहौल है।
पिकनिक स्पॉट की सुरक्षा पर उठे सवाल
हादसे के बाद देवरी पिकनिक स्पॉट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यहां पहले भी डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय स्तर पर दावा किया जा रहा है कि अब तक 19 लोगों की जान जा चुकी है।
बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में युवा और छात्र यहां पिकनिक मनाने पहुंचते हैं। ऐसे में नदी के संवेदनशील हिस्सों में चेतावनी बोर्ड, निगरानी और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत पर जोर दिया जा रहा है।
फिलहाल SDRF और DDRF की टीमें ड्रोन और गोताखोरों की मदद से मुरारी साहू और सचिन सिंह की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।


















