नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत : वित्त मंत्री ओपी चौधरी

0
6

धमतरी छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नशामुक्त, स्वस्थ और जागरूक युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। वह धमतरी के मराठा मंगल भवन में आयोजित ‘नशामुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी लाइव प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, कौशल, नवाचार, खेल और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

ओपी चौधरी ने कहा कि नशामुक्ति केवल सामाजिक अभियान नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण का जनआंदोलन है। उन्होंने युवाओं से तकनीक, नवाचार, उद्यमिता और डिजिटल अवसरों को अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने की अपील की।

कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का प्रशिक्षण प्राप्त 100 युवाओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। साथ ही प्रत्येक प्रशिक्षित युवा को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई। इस योजना के तहत कुल 10 लाख रुपये वितरित किए जाएंगे।

वित्त मंत्री ने महिला स्व-सहायता समूहों के स्टॉल, कृषि विज्ञान केंद्र की प्रदर्शनी और स्थानीय नवाचारों का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है और यही युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं को सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने, नशे से दूर रहने तथा स्टार्टअप, डिजिटल तकनीक और नवाचार आधारित रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम को लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सर्वा और नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने भी संबोधित किया। वहीं, कलेक्टर अभिनाश मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं के कौशल विकास, डिजिटल सशक्तिकरण और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार प्रयासरत है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here