
पटना बिहार की राजधानी पटना में सड़क हादसे के बाद लोगों का गुस्सा हिंसा में बदल गया। एनएच-30 पर तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से एक युवक की मौत के बाद आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान एक निजी बस, पुलिस वाहन समेत कई गाड़ियों में आग लगा दी गई और तोड़फोड़ की गई।
हादसे में युवक की मौत
जानकारी के अनुसार, अगमकुआं थाना क्षेत्र के जीरो माइल के पास तेज रफ्तार हाईवा ने एक युवक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया और कार्रवाई की मांग करते हुए यातायात बाधित कर दिया।
बस और पुलिस वाहन को किया आग के हवाले
प्रदर्शन के दौरान स्थिति अचानक बिगड़ गई। गुस्साई भीड़ ने एक निजी बस में आग लगा दी। आग बुझाने पहुंची दमकल की टीम को भी भीड़ ने आगे बढ़ने से रोक दिया, जिससे बस करीब एक घंटे तक जलती रही।
इसके बाद उपद्रवियों ने एक पुलिस वाहन, कई मोटरसाइकिलों और अन्य प्रशासनिक वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया। कई बसों और ट्रकों में तोड़फोड़ की भी सूचना है।
भारी पुलिस बल तैनात
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पटना सिटी के एएसपी राजकिशोर सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद भीड़ उग्र हो गई और कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस हालात को नियंत्रित करने में जुटी है।
फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।















