पत्रकार पर जानलेवा हमला: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

0
96

सारंगढ़ सारंगढ़ में पत्रकार पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पत्रकार संगठनों में आक्रोश फैल गया। सारंगढ़ प्रेस क्लब ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया।

बीच-बचाव करने पहुंचे पत्रकार पर किया हमला

जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात आदर्श पेट्रोल पंप के पास कुछ असामाजिक तत्व एक ट्रक चालक के साथ मारपीट कर रहे थे। उसी दौरान वहां से गुजर रहे पत्रकार रवि तिवारी और उनके साथी किशन गुप्ता ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने ट्रक चालक को छोड़ पत्रकार और उनके साथी पर हमला कर दिया।

चाकू, डंडे और बेल्ट से किया हमला

पीड़ित के अनुसार, सोनू यादव, हनी चिट्ठा और उनके अन्य साथियों ने अपने गैंग के लोगों को हथियारों के साथ मौके पर बुलाया। आरोप है कि हमलावरों ने चाकू, लकड़ी के डंडों और बेल्ट से हमला किया। इस दौरान सोनू यादव ने कथित तौर पर चाकू से वार किया, जिससे पत्रकार रवि तिवारी की आंख के पास गंभीर चोट आई और उन्हें पांच टांके लगाने पड़े। वहीं किशन गुप्ता भी हाथ-पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में घायल हो गए।

शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला

घटना के बाद दोनों घायलों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

प्रेस क्लब ने की सख्त कार्रवाई की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही सारंगढ़ प्रेस क्लब ने आपात बैठक बुलाकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रेस क्लब के पदाधिकारी और पत्रकार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here