
रायपुर राजधानी रायपुर में स्पंज आयरन से भरे ट्रक का गबन कर उसे फर्जी नंबर प्लेट के जरिए छिपाने वाले दो आरोपियों को उरला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ट्रक में लदा करीब 35 टन 870 किलो स्पंज आयरन महाराष्ट्र पहुंचाने के बजाय उरला औद्योगिक क्षेत्र में बेच दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 हजार रुपये नकद, फर्जी नंबर प्लेट लगा ट्रक और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
महाराष्ट्र भेजा गया माल रास्ते से गायब
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता की कंपनी से ट्रक क्रमांक CG 08 AT 3321 में स्पंज आयरन लोड कर महाराष्ट्र भेजा गया था। रास्ते में चालक ने बीमारी और अन्य बहाने बनाकर माल गंतव्य तक नहीं पहुंचाया। बाद में चालक और वाहन मालिक से संपर्क भी टूट गया। जांच में करीब 7.07 लाख रुपये मूल्य के स्पंज आयरन के गबन की पुष्टि होने पर उरला थाना में मामला दर्ज किया गया।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर छिपाई ट्रक की पहचान
जांच के दौरान पुलिस ने वाहन मालिक गुमान साहू और उसके साथी मोहम्मद मुख्तार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी चालक रहीमान साहू के साथ मिलकर ट्रक में लदे स्पंज आयरन को महाराष्ट्र ले जाने के बजाय उरला औद्योगिक क्षेत्र में बेचने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने ट्रक की पहचान छिपाने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट भी लगा दी थी।
15 लाख का मशरूका जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 50 हजार रुपये नकद, फर्जी नंबर प्लेट लगा ट्रक और मामले से जुड़े अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।



















