सूने मकान में लाखों की चोरी का खुलासा, शातिर चोर समेत 4 गिरफ्तार; 7.71 लाख का माल बरामद

0
12

रायपुर राजधानी के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर नकबजन और तीन विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सहित करीब 7.71 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।

सूने मकान को बनाया था निशाना

पुलिस के अनुसार, अमलीडीह स्थित बीएसयूपी कॉलोनी निवासी बिस्वंबर महानंद 23 जून को घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। करीब दो घंटे बाद लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर चोर अंदर घुस गए थे। बदमाशों ने अलमारी और उसके लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी कर ली थी। शिकायत के बाद न्यू राजेंद्र नगर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस का संदेह आदतन चोर पवन मंडल पर गया, जिसे घटना के समय इलाके में संदिग्ध हालत में देखा गया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने तीन विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

गलवाकर तैयार कराया था सोना

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए सोने के जेवरातों को गलवाकर नया सोना तैयार करा लिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 50 ग्राम गलाया हुआ सोना, चांदी के जेवरात और नकदी बरामद की। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 7.71 लाख रुपये बताई गई है।

मास्टरमाइंड पर पहले से दो दर्जन से अधिक मामले

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी पवन मंडल एक आदतन और शातिर चोर है। उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में चोरी और नकबजनी के दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले भी कई बार गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।

अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई

पुलिस ने मुख्य आरोपी पवन मंडल के साथ तीन विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की है। मामले में आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here