
मुंबई। आईपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस ने वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड को टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने शनिवार को सोशल मीडिया के जरिए इसकी घोषणा की। पोलार्ड पिछले 16 वर्षों से मुंबई इंडियंस से जुड़े हुए हैं और अब बल्लेबाजी कोच के बाद मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे।
पांच खिताब दिलाने में निभाई अहम भूमिका
कीरोन पोलार्ड वर्ष 2010 में महज 22 साल की उम्र में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे। एक खिलाड़ी के रूप में उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और उपयोगी गेंदबाजी से टीम को कई अहम मुकाबलों में जीत दिलाई। मुंबई इंडियंस के पांच आईपीएल खिताब जीतने के सफर में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पोलार्ड ने 2022 में आईपीएल से खिलाड़ी के रूप में संन्यास लिया था। इसके बाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया। पिछले चार सीजन तक इस भूमिका में काम करने के बाद अब उन्हें मुख्य कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मुंबई इंडियंस से अपने रिश्ते को बताया खास
मुख्य कोच नियुक्त होने के बाद पोलार्ड ने खुशी जताते हुए कहा कि मुंबई इंडियंस का हेड कोच बनना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि यह टीम उनके जीवन और करियर का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। फ्रेंचाइजी, खिलाड़ियों और प्रशंसकों के साथ उनका रिश्ता उनके लिए बेहद खास है।
पोलार्ड ने कहा कि खिलाड़ी और कोच के रूप में मुंबई इंडियंस के साथ काम करने के अनुभव से वह अच्छी तरह समझते हैं कि टीम किस पहचान और मूल्यों के लिए जानी जाती है। उन्होंने नीता अंबानी, आकाश अंबानी और पूरे मुंबई इंडियंस परिवार का भरोसा जताने के लिए आभार भी व्यक्त किया।
कोचिंग में बढ़ी पोलार्ड की जिम्मेदारी
पोलार्ड की नियुक्ति को फ्रेंचाइजी के साथ उनके लंबे जुड़ाव और अनुभव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खिलाड़ी और बल्लेबाजी कोच के रूप में टीम के साथ काम करने के बाद अब वह मुख्य कोच के तौर पर मुंबई इंडियंस की रणनीति और प्रदर्शन को दिशा देने की जिम्मेदारी संभालेंगे।



















