
रिसाली। वार्ड क्रमांक 13 टंकी मरोदा में मुख्य उतई मार्ग पर अतिक्रमण के कारण पिछले 15 वर्षों से बंद आम रास्ता अब फिर से खुलने जा रहा है। नगर पालिक निगम रिसाली के राजस्व विभाग ने शुक्रवार को बेदखली अभियान चलाकर रास्ते पर बनी तीन दुकानों को हटाया। कार्रवाई के दौरान शुरुआत में विरोध हुआ, लेकिन नेवई पुलिस की मध्यस्थता के बाद अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी की गई।
एक साल तक समझाइश, फिर हुई कार्रवाई
निगम आयुक्त मोनिका वर्मा ने करीब एक साल पहले अतिक्रमण कर दुकानें संचालित करने वालों को स्वयं कब्जा हटाने के निर्देश दिए थे। इस दौरान दुकानदारों को कई बार कार्यालय बुलाकर समझाइश भी दी गई, लेकिन चिकन कार्नर, सैलून और इलेक्ट्रिक दुकान संचालकों ने अतिक्रमण नहीं हटाया।
इसके बाद राजस्व विभाग के प्रभारी धर्मेंद्र मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कार्रवाई से पहले दुकानदारों को सामान निकालने का अवसर दिया गया। इसके बाद तीनों दुकानों को हटाकर रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
दर्जनभर से अधिक नोटिस के बाद भी नहीं हटा था कब्जा
वार्ड की पार्षद विधि यादव और स्थानीय नागरिक पिछले दो वर्षों से बंद रास्ते को खुलवाने की मांग कर रहे थे। इस संबंध में निगम आयुक्त को ज्ञापन भी सौंपा गया था। निगम प्रशासन की ओर से अतिक्रमणकारियों को एक दर्जन से अधिक नोटिस जारी किए गए, लेकिन इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया।
रास्ता खुलने से लोगों को मिलेगी राहत
मैत्री गार्डन चौक से वार्ड क्रमांक 13 तक नहर किनारे आम रास्ता बनाया गया है। नगर निगम ने इस मार्ग पर सीसी रोड का निर्माण कराया है, लेकिन अतिक्रमण के कारण करीब 50 मीटर हिस्से का काम अधूरा रह गया था।
अब रास्ता खाली होने से शेष सीसी रोड का निर्माण पूरा किया जा सकेगा। इससे स्थानीय नागरिकों को मैत्री गार्डन चौक पहुंचने के लिए कम दूरी तय करनी पड़ेगी और आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा।



















