
रायपुर। मुंगेली और बिलासपुर जिले में आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए दो उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। लोक निर्माण विभाग ने दोनों पुलों और उनके पहुंच मार्गों के निर्माण के लिए कुल 14 करोड़ 25 लाख 97 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
मनियारी नदी पर 7.67 करोड़ रुपये से बनेगा पुल
मुंगेली जिले के तखतपुर-बरेला राज्य मार्ग पर मनियारी नदी में मौजूदा जलमग्नीय पुल के स्थान पर नया उच्च स्तरीय पुल बनाया जाएगा। इसके निर्माण और पहुंच मार्ग के लिए 7 करोड़ 67 लाख 11 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
वर्तमान में नदी का जलस्तर बढ़ने पर जलमग्नीय पुल से आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। नए पुल के निर्माण से विशेष रूप से बारिश के मौसम में लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही मार्ग पर आवागमन अधिक सुरक्षित होगा और सड़क संपर्क बनाए रखने में मदद मिलेगी।
डोंगानाला पर 6.58 करोड़ रुपये होंगे खर्च
बिलासपुर जिले के बेलगहना-कोंचरा-खोंगसरा मार्ग पर डोंगानाला में भी उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने पुल और उसके पहुंच मार्ग के लिए 6 करोड़ 58 लाख 86 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी है।
दोनों पुलों के निर्माण से संबंधित क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत होने और लोगों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बारिश के दौरान रास्ते बाधित होने की समस्या से राहत मिल सकेगी।



















