यातायात मुख्यालय से जब्त एक्टिवा चोरी, वाहन लेने पहुंचे मालिक को लगा झटका

0
211

 रायपुर राजधानी रायपुर में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यातायात मुख्यालय परिसर में जब्त कर खड़ी की गई एक एक्टिवा रहस्यमय तरीके से चोरी हो गई। करीब ढाई महीने बाद जब वाहन मालिक उसे छुड़ाने पहुंचा, तब वाहन परिसर से गायब मिला। मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, प्रधान आरक्षक शरद धनगर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। जानकारी के मुताबिक, 3 मार्च को यातायात थाना फाफाडीह की टीम शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान विष्णु यादव को नशे की हालत में एक्टिवा चलाते हुए पकड़ा गया।

जांच के दौरान चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला। साथ ही वाहन पर तीन लोग सवार थे और नंबर प्लेट भी नियमों के अनुरूप नहीं पाई गई। इसके बाद मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए एक्टिवा को जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि फाफाडीह यातायात थाना परिसर में जब्त वाहनों को रखने के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी। इसी कारण 29 मार्च को एक्टिवा को गुरुकुल कॉम्प्लेक्स स्थित यातायात मुख्यालय में खड़ा किया गया। वाहन का पंजीयन पूनम भोयर के नाम पर दर्ज है।

करीब ढाई महीने बाद 15 जून को चालक विष्णु यादव वाहन छुड़ाने मुख्यालय पहुंचा, लेकिन वहां एक्टिवा नहीं मिली। इसके बाद अधिकारियों को सूचना दी गई और मामले की जांच शुरू हुई।

कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस परिसर से जब्त वाहन चोरी होने की घटना को गंभीर मानते हुए जांच में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here