रायपुर में पत्नी की हत्या का खुलासा: पारिवारिक विवाद में पति ने गला घोंटकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

0
95

रायपुर में पत्नी की हत्या का खुलासा: पारिवारिक विवाद में पति ने गला घोंटकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 9 मई 2026 – राजधानी रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसके ही पति ने पारिवारिक विवाद के चलते की थी। आरोपी पति ललित साहू उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल 2026 को छुईया तालाब के पास स्थित किराए के मकान में रहने वाली पार्वती साहू अचेत अवस्था में मिली थी। सूचना मिलने पर उसे इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शुरुआत में मामला संदिग्ध मौत का माना जा रहा था, लेकिन 8 मई को प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला घोंटने से दम घुटना बताया गया। इसके बाद थाना कोतवाली में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका के परिचितों, मकान मालिक और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान जानकारी मिली कि घटना वाले दिन मृतिका के पति ललित साहू उर्फ विक्की को आखिरी बार घर में देखा गया था।

पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि पार्वती साहू उसकी पत्नी थी और दोनों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच विवाद और हाथापाई हुई, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने कपड़े से गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतिका का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here