
रायपुर। राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में घर पर बम (पटाखा) फेंककर और चाकू दिखाकर धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों द्वारा थाना माना क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देने का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार 24 मई की रात करीब 1 बजे वीर सावरकर नगर, हीरापुर निवासी रिंकू तिवारी के घर पर कुछ युवकों ने बम फेंककर हमला किया और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। पीड़िता की शिकायत पर कबीर नगर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों और घेराबंदी से पकड़े गए आरोपी
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कबीर नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सोनू पटेल, आकाश पासवान, सूरज सिंह और शेख कलीम शामिल हैं। इसके अलावा एक अपचारी बालक और एक अपचारी बालिका को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
पूछताछ में चोरी का खुलासा
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर थाना माना क्षेत्र के बोरियाकला स्थित एक खिलौने की दुकान में चोरी करना भी स्वीकार किया। पुलिस ने चोरी का सामान बरामद कर लिया है।
चाकू जब्त, आरोपियों को भेजा जाएगा जेल
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल धारदार चाकू भी जब्त किया है। सभी बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि अपचारी बालक और बालिका को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि राजधानी में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



















