रायपुर में 2 अगस्त से चातुर्मास की शुरुआत, दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में होगा भव्य धार्मिक आयोजन

0
12

रायपुर राजधानी के मालवीय रोड स्थित दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में 2 अगस्त को नवोदय तीर्थ 2026 वर्षायोग (चातुर्मास) की कलश स्थापना के साथ धार्मिक आयोजनों का शुभारंभ होगा। इस अवसर पर जैन समाज के श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में मौजूद रहने की संभावना है।

कार्यक्रम मुनि आगम सागर महाराज, मुनि पुनीत सागर महाराज, धैर्य सागर महाराज और स्वागत सागर महाराज के सानिध्य में आयोजित होगा। दोपहर 1 बजे होने वाली कलश स्थापना के बाद भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और मंगल देशना का आयोजन भी किया जाएगा।

इस आयोजन के साथ करीब 150 वर्ष पुराने दिगंबर जैन बड़ा मंदिर के पुनर्निर्माण की योजना को भी नई गति मिलेगी। समाज की ओर से मंदिर को विकसित कर ‘लघु तीर्थ’ के रूप में स्थापित करने का संकल्प लिया गया है।

प्रस्तावित परियोजना के तहत तीन मंजिला भव्य जिनालय, त्रिकाल चौबीसी, सहस्रकूट जिनालय, संत निवास, आधुनिक धर्मशाला, पार्किंग और सुंदर उद्यान का निर्माण किया जाएगा। यह संकल्प समाधिस्थ आचार्य विद्यासागर महाराज की प्रेरणा और आशीर्वाद से आगे बढ़ाया जा रहा है।

मंदिर समिति के अनुसार, 25 जनवरी 2024 से मंदिर परिसर में अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित है, जो नए जिनालय का निर्माण पूरा होने तक निरंतर जलती रहेगी।

**सकल दिगंबर जैन समाज ने श्रद्धालुओं से चातुर्मास महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने और ‘लघु तीर्थ’ निर्माण अभियान में सहयोग करने की अपील की है।**

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here