
नई दिल्लीकेंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप 2026 में पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया। सम्मानित खिलाड़ियों में महिला सिंगल्स की स्वर्ण पदक विजेता अनाहत सिंह और कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय जूनियर पुरुष टीम के सदस्य आर्यवीर दीवान, युशा नफीस और गुरवीर सिंह शामिल रहे।
अनाहत सिंह ने रचा इतिहास
18 वर्षीय अनाहत सिंह ने पिछले सप्ताह कनाडा में आयोजित वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में महिला सिंगल्स का स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में महिला सिंगल्स का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं।
यह वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में उनकी पांचवीं भागीदारी थी। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2025 में काहिरा में आयोजित प्रतियोगिता में कांस्य पदक अपने नाम किया था। इस तरह विश्व जूनियर चैंपियनशिप में यह उनका दूसरा पदक है।
खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए केंद्रीय खेल मंत्री ने उनके प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि उनकी उपलब्धियां देश के युवाओं को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय खिलाड़ी भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

















