
बेमेतरा राज्य सरकार की सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। बेमेतरा जिले में शिक्षा विभाग ने हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करते हुए नागरिकों को राहत प्रदान की है।
शिक्षा विभाग को अब तक 116 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था, शिक्षकों की कमी, स्कूलों में प्रवेश, छात्रवृत्ति, गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता, आधारभूत सुविधाएं, मध्यान्ह भोजन और विद्यालयों के उन्नयन से जुड़े मामले शामिल थे। विभाग ने इनमें से 96 शिकायतों का समयबद्ध निराकरण कर दिया है।
63 शिकायतकर्ताओं ने समाधान पर जताया संतोष
निराकृत मामलों में 63 नागरिकों ने सकारात्मक फीडबैक देते हुए विभाग की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त किया है, जबकि शेष मामलों में फीडबैक की प्रक्रिया जारी है। इससे शिक्षा विभाग की जवाबदेही और संवेदनशील कार्यप्रणाली का पता चलता है।
शिकायतों का समाधान होने के बाद लाभान्वित नागरिकों ने बताया कि उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। उन्होंने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन आम जनता और शासन के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम बन गई है।
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने बताया कि शिकायतों की नियमित समीक्षा कर तय समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य नागरिकों को सरल, पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी प्रशासन उपलब्ध कराना है, जिसमें सीएम हेल्पलाइन 1076 महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।


















