सीतामढ़ी में रेत के अवैध उत्खनन-परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, 9 वाहन जब्त

0
11

हसदेव नदी में सुबह 5:30 बजे पहुंचा उड़नदस्ता, कुछ वाहन नदी में फंसे मिले


कोरबाजिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर हसदेव नदी के सीतामढ़ी क्षेत्र में दबिश देकर विभाग के उड़नदस्ता दल ने अवैध गतिविधियों में संलिप्त 9 वाहनों को जब्त किया।

खनिज विभाग को सीतामढ़ी क्षेत्र में हसदेव नदी से रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर उड़नदस्ता दल ने शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे क्षेत्र में कार्रवाई की।

कुछ वाहन नदी में फंसे, चालक मौके से फरार

कार्रवाई के दौरान कुछ वाहन हसदेव नदी में रेत परिवहन करते हुए फंसे मिले। वहीं कुछ वाहनों को उनके चालक या संबंधित लोग मौके पर छोड़कर फरार हो गए। नदी में फंसे वाहनों को नगर पालिक निगम कोरबा की मदद से बाहर निकाला गया।

जब्त सभी वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए कोतवाली थाना कोरबा और खनिज जांच चौकी उरगा की अभिरक्षा में रखा गया है। विभाग द्वारा संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अवैध खनन पर जारी रहेगी कार्रवाई

खनिज विभाग के अनुसार जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण, प्राकृतिक खनिज संसाधनों की सुरक्षा और शासन को होने वाले राजस्व नुकसान को रोकना विभाग की प्राथमिकता है।

विभाग ने कहा कि नियमों का उल्लंघन कर अवैध उत्खनन, परिवहन या भंडारण करते पाए जाने वाले व्यक्तियों और वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम सहित अन्य प्रचलित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here