
जुलाई महीने की शुरुआत के साथ आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई अहम नियम बदल गए हैं। एलपीजी, पेट्रोल-डीजल, पासपोर्ट, रेलवे, बैंकिंग और इनकम टैक्स से जुड़े नए बदलावों का सीधा असर लोगों के खर्च और मासिक बजट पर पड़ेगा।
कमर्शियल गैस सिलेंडर सस्ता
व्यापारियों को राहत देते हुए 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कटौती की गई है। हालांकि घरेलू 14.2 किलो सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
पेट्रोल-डीजल के दाम घटे
नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर सस्ता किया है। इसके साथ ईंधन खरीद पर लगी सीमा भी हटा दी गई है।
आधार में ईमेल अपडेट मुफ्त
अब आधार कार्ड में ईमेल आईडी अपडेट निशुल्क किया जा सकेगा। यह सुविधा केवल नए Aadhaar App के जरिए उपलब्ध होगी।
पासपोर्ट शुल्क बढ़ा
पासपोर्ट बनवाना अब महंगा हो गया है। 36 पेज पासपोर्ट के लिए 2500 रुपये और 60 पेज पासपोर्ट के लिए 3500 रुपये शुल्क देना होगा।
क्रेडिट कार्ड नियम बदले
SBI और HDFC के कई क्रेडिट कार्ड पर रिवॉर्ड पॉइंट्स और एयरपोर्ट लाउंज के नियम बदल गए हैं। अब मुफ्त लाउंज सुविधा खर्च की न्यूनतम सीमा पूरी करने पर ही मिलेगी।
रेलवे ने जुर्माना बढ़ाया
बिना टिकट यात्रा पर जुर्माना 250 से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है। प्रतिबंधित सामान ले जाने पर 10 हजार रुपये तक जुर्माना लग सकता है।
दिल्ली में नई EV नीति लागू
नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति के तहत ईवी खरीदने वालों को सब्सिडी और प्रोत्साहन दिए जाएंगे। सरकार इस योजना पर अगले चार वर्षों में बड़ा निवेश करेगी।
ITR की अंतिम तारीख 31 जुलाई
आयकर रिटर्न भरने की आखिरी तारीख 31 जुलाई तय की गई है। देरी होने पर 1,000 से 5,000 रुपये तक जुर्माना देना पड़ सकता है।
फसल बीमा माह शुरू
देशभर में फसल बीमा माह अभियान शुरू हो गया है, जो 31 जुलाई तक चलेगा। इसका उद्देश्य अधिक किसानों को योजना से जोड़ना है।
इन बदलावों के साथ जुलाई महीने में कुछ जगह राहत मिली है, तो कुछ सेवाएं महंगी भी हुई हैं।



















