
मुख्यमंत्री साय बोले – पक्का मकान सिर्फ छत नहीं, सम्मान और सुरक्षित भविष्य की गारंटी
रायपुर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत छत्तीसगढ़ ने बड़ा कीर्तिमान स्थापित किया है। राज्य में पिछले ढाई वर्षों के दौरान 10 लाख 60 हजार से अधिक ग्रामीण आवासों का निर्माण पूरा किया गया है। बीते वित्तीय वर्ष 2025-26 में 6 लाख से ज्यादा आवास पूर्ण कर छत्तीसगढ़ देश में शीर्ष स्थान पर रहा।
पहली कैबिनेट के संकल्प को तेजी से पूरा कर रही सरकार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख से अधिक गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने का संकल्प लिया था। सरकार अब इस लक्ष्य को तेजी से पूरा करने में जुटी हुई है।
रोज बन रहे 1600 से अधिक मकान
ग्रामीण विकास विभाग के अनुसार वर्तमान में प्रदेश में प्रतिदिन 1600 से ज्यादा आवासों का निर्माण पूरा हो रहा है। वहीं वर्ष 2025 में अप्रैल से अक्टूबर के बीच औसतन करीब 2000 आवास प्रतिदिन बनाए गए।
26 हजार करोड़ से अधिक की राशि उपलब्ध
आवास निर्माण अभियान को गति देने के लिए सरकार ने अब तक 26,908 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं। इसके तहत अपूर्ण आवासों, प्रतीक्षा सूची के लाभार्थियों, आवास प्लस योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के पात्र परिवारों को लाभ दिया जा रहा है।
महिला समूह भी बने अभियान की ताकत
आवास निर्माण कार्य में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को भी जोड़ा गया है। डीलर दीदी और रानी मिस्त्री के रूप में हजारों महिलाएं इस अभियान में योगदान दे रही हैं और कई महिलाएं इससे लखपति दीदी भी बन चुकी हैं।
वनांचल और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष फोकस
सरकार पीएम जनमन योजना के तहत 33,601 आवास और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विशेष परियोजना के तहत 15 हजार अतिरिक्त आवास भी तैयार कर रही है।
मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार गरीबों को पक्का घर देने के अपने वादे को पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा कर रही है।
“यह सिर्फ मकानों का निर्माण नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है।”



















