
सिल्वर जुबली सेलिब्रेशन में जुटे फिल्म के कलाकार, ‘लगान’ की विरासत को किया सलाम
मुंबई भारतीय सिनेमा की ऐतिहासिक फिल्म ‘लगान’ ने अपने रिलीज के 25 साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर अभिनेता और निर्माता आमिर खान ने फिल्म की पूरी टीम के लिए एक विशेष रीयूनियन और स्क्रीनिंग का आयोजन किया, जिसमें निर्देशक आशुतोष गोवारिकर समेत कई कलाकार और क्रू सदस्य शामिल हुए।
25 साल बाद फिर एक मंच पर दिखी ‘लगान’ की टीम
इस खास आयोजन में फिल्म से जुड़े कई कलाकारों ने हिस्सा लिया और शूटिंग के दिनों की यादें साझा कीं। कार्यक्रम में पॉल ब्लैकथॉर्न, राजेंद्रनाथ जुत्शी, आदित्य लाखिया, यशपाल शर्मा, अखिलेंद्र मिश्रा और दयाशंकर पांडे समेत कई सदस्य मौजूद रहे।
आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा है ‘लगान’
15 जून 2001 को रिलीज हुई ‘लगान’ को भारतीय सिनेमा की सबसे प्रभावशाली फिल्मों में गिना जाता है। खेल, देशभक्ति, संघर्ष और भावनाओं से भरपूर इस फिल्म ने देश ही नहीं, दुनिया भर में अपनी अलग पहचान बनाई थी।
ऑस्कर तक पहुंची थी फिल्म
फिल्म ने 74वें अकादमी पुरस्कार (ऑस्कर) में बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म श्रेणी में नामांकन हासिल किया था। यह उपलब्धि हासिल करने वाली चुनिंदा भारतीय फिल्मों में से एक है। इसके अलावा फिल्म ने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान भी जीते।
क्रिकेट के जरिए दिखाई थी संघर्ष की कहानी
1893 की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म में सूखे से जूझ रहे एक गांव की कहानी दिखाई गई थी, जो अंग्रेज अधिकारियों द्वारा लगाए गए लगान से बचने के लिए क्रिकेट मैच की चुनौती स्वीकार करता है।
संगीत ने भी रचा था इतिहास
फिल्म के गीत और संगीत आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं। ए. आर. रहमान के संगीत से सजे गीत ‘घनन घनन’, ‘मितवा’, ‘राधा कैसे ना जले’ और ‘ओ रे छोरी’ आज भी याद किए जाते हैं।

















