‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद में तनाव बढ़ा, सुमईया राना ने यूपी पुलिस को दी चेतावनी

0
29

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। बरेली, कानपुर और लखनऊ सहित कई शहरों में उपद्रव और झड़प की घटनाओं के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर हैं। मामले में मौलाना तौकीर रजा समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि राज्यभर में सैकड़ों लोगों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

इस बीच मशहूर शायर मुनव्वर राना की बेटी सुमईया राना ने एक वीडियो जारी कर यूपी पुलिस को सीधी चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि “लखनऊ की सड़कों पर अब पोस्टर नहीं बल्कि पूरा सैलाब निकलेगा। पुलिस चाहे तो बंदूक लेकर तैयार रहे, हम खुशी-खुशी गोलियां खा लेंगे लेकिन जुल्म बर्दाश्त नहीं करेंगे।”

पुलिस पर लगाया बर्बरता का आरोप

सुमईया राना ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद शांतिपूर्वक पोस्टर लेकर निकले लोगों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की यह कार्रवाई शर्मनाक है और मुसलमानों को टारगेट किया जा रहा है। उन्होंने बरेली और कानपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि “एकतरफा कार्रवाई कर मुस्लिमों को निशाना बनाया जा रहा है।”

बरेली में हिंसा, कई घायल

गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को बरेली में ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद को लेकर हिंसा भड़क गई थी। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच पथराव, गोलीबारी और आंसू गैस के गोले दागे गए। इस दौरान 20 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने मौके से 60 लोगों को हिरासत में लिया और 8 लोगों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 8 नामजद और 1700 अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

कानपुर से शुरू हुआ यह विवाद अब कई जिलों में फैल गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। प्रदेश सरकार ने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पूरे प्रदेश में पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

 

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here