नवंबर 01, नई दिल्ली: भाजपा सांसद रवि किशन को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद उन्होंने एफआईआर दर्ज करा दी है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद रवि किशन ने इस मामले को गंभीर माना और कहा कि इससे साफ दिखता है कि सनातन विरोधी ताकतें कितनी सक्रिय हैं और उन्होंने इसके पीछे किसी ताकतवर व्यक्ति के होने की बात कही।
उन्होंने कहा कि किसी भी सांसद या सुपरस्टार को कोई इस तरह की धमकी नहीं दे सकता। यकीनन इसमें कई लोग शामिल होंगे और वे निश्चित रूप से पकड़े जाएंगे। रवि किशन ने अपने सोशल मीडिया के एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- मुझे हाल ही में फ़ोन पर अपशब्द कहे गए, मेरी माता जी को लेकर भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।

भाजपा सांसद ने अपने पोस्ट में आगे लिखा- यहां तक कि मुझे जान से मारने की धमकियां दी गईं और प्रभु श्रीराम के प्रति अपमानजनक शब्द कहे गए। यह न केवल मेरे व्यक्तिगत सम्मान पर, बल्कि हमारी आस्था और भारतीय संस्कृति के मूल तत्वों पर भी सीधा प्रहार है। ऐसे कृत्य समाज में नफरत और अराजकता फैलाने की कोशिश हैं, जिनका जवाब लोकतांत्रिक और वैचारिक मजबूती से दिया जाएगा।
रवि किशन ने लिखा- मैं स्पष्ट कहना चाहता हूं कि न मैं इन धमकियों से डरता हूं, न झुकूंगा। जनसेवा, राष्ट्रवाद और धर्म के पथ पर चलना मेरे लिए कोई राजनीतिक रणनीति नहीं, बल्कि जीवन का संकल्प है। मैं इस मार्ग पर हर परिस्थिति में अडिग रहूंगा, चाहे इसके लिए मुझे किसी भी कीमत का सामना क्यों न करना पड़े।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- यह मार्ग कठिन है, पर मुझे इसी में अपना जीवन सार्थक दिखाई देता है। मेरे लिए यह संघर्ष आत्मसम्मान, आस्था और कर्तव्य की रक्षा का प्रतीक है और मैं अंत तक दृढ़ रहूंगा, निष्ठावान रहूंगा।





















