कोरिया । जिले के दूरस्थ ग्राम पंचायत सुंदरपुर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुंदरपुर में भव्य बाल मेले का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर कोरिया चंदन त्रिपाठी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े, ग्राम के सरपंच द्वारिका सिंह मरकाम एवं विधायक प्रतिनिधि रामप्रताप सिंह मरावी द्वारा किया गया।
स्कूल परिसर में स्थानीय व परम्परागत पकवान तैयार किया गया था, कलेक्टर त्रिपाठी ने भी स्वादिष्ट चाट बनाकर बच्चों को उत्साहित किया। वहीं विद्यालय परिसर में लगाए गए विभिन्न आकर्षक स्टॉलों का अवलोकन किया और स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया। मनोरंजक एवं खेल संबंधी स्टॉलों का उपस्थित सभी अतिथियों और ग्रामीणों ने भरपूर आनंद उठाया। विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कलेक्टर ने वृक्षारोपण भी किया।
अपने उद्बोधन में कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने कर्मा नृत्य में शामिल इन छात्राओं की प्रतिभा को देखकर कहा खूब पढ़ो, खूब खेलो और जिसमें रुचि है, उस क्षेत्र में खूब आगे बढ़ो। उन्होंने श्मिशन 100 प्रतिशतश् के तहत बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत उत्तीर्ण होने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष विद्यार्थियों का लक्ष्य राज्य की प्रवीण्य सूची में स्थान प्राप्त करना होना चाहिए तथा शिक्षकों को इस लक्ष्य की प्राप्ति हेतु विद्यार्थियों का हरसंभव सहयोग करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि व अधिकारी, कर्मचारी व विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
























