कार्रवाई करने पहुंची आबकारी टीम पर हमला, अधिकारी को बनाया बंधक

0
91

मुखबीर और चालक की पिटाई, वाहन में तोड़फोड़, गांव में तनाव


कोरबा । कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में आबकारी विभाग की कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने टीम पर हमला कर दिया। इस घटना में टीम प्रभारी नारायण सिंह कंवर को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया, जबकि मुखबीर और वाहन चालक की जमकर पिटाई की गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग की टीम अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने गांव पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीण उग्र हो गए और टीम को घेर लिया। आरोप है कि ग्रामीणों ने टीम प्रभारी नारायण सिंह कंवर को रोककर बंधक बना लिया, जबकि मुखबीर पताड़ी निवासी प्रमोद देवांगन के साथ मारपीट की गई। स्कॉर्पियो वाहन के चालक के साथ भी मारपीट की गई और आबकारी विभाग के वाहन में तोड़फोड़ की गई।

मुखबिरी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

ग्रामीणों का आरोप है कि मुखबीर प्रमोद देवांगन लगातार मुखबिरी कर कार्रवाई करवाता है और अवैध वसूली में भी शामिल है। इसी बात को लेकर ग्रामीणों में पहले से आक्रोश था, जो कार्रवाई के दौरान हिंसक रूप ले बैठा।

घटना के दौरान आबकारी विभाग के अन्य कर्मचारी किसी तरह मौके से जान बचाकर निकलने में सफल रहे और तत्काल उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।

पुलिस मौके पर, जांच जारी

घटना की जानकारी मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

आबकारी अधिकारी का बयान

इस पूरे मामले को लेकर आबकारी अधिकारी आशा सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी फोन के माध्यम से मिली है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में फिलहाल तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here