बिलासपुर

एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर ने कोरबा जिले के दीपका में बड़ी कार्रवाई करते हुए सीएसपीडीसीएल (विद्युत विभाग) के सहायक अभियंता को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सहायक अभियंता पर खेत में ट्रांसफार्मर लगाने के एवज में किसान से रिश्वत मांगने का आरोप है।
डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि ग्राम रलिया, जिला कोरबा निवासी श्यामता टंडन ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम दर्री, जिला कोरबा स्थित कृषि भूमि पर ट्रांसफार्मर लगाने के लिए आवेदन दिया गया था। आवेदन के बाद सीएसपीडीसीएल दीपका के सहायक अभियंता सत्येंद्र दिवाकर ने मौके का निरीक्षण किया और कार्य स्वीकृति के नाम पर चालान के अलावा “नाश्ता-पानी” के लिए कुल 80 हजार रुपये की मांग की।
आरोपी पहले ही 30 हजार रुपये ले चुका था और शेष 50 हजार रुपये की मांग कर रहा था। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था और आरोपी को पकड़वाना चाहता था। शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने पर एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। 28 जनवरी को जैसे ही आरोपी ने दीपका कार्यालय में 50 हजार रुपये की रिश्वत ली, एसीबी टीम ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया।
एसीबी ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
























