सरगुजा में दर्दनाक सड़क हादसे: दो घटनाओं में तीन युवकों की मौत

0
111

सरगुजा। जिले में मंगलवार रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पहली घटना उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सलबा मोड़ के पास रात करीब 9 बजे हुई। लखनपुर से उदयपुर के डांडगांव की ओर जा रहे बाइक सवार दो युवक सामने से आ रहे धान लोड ट्रैक्टर से टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क से नीचे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान महेंद्र यादव निवासी परपटिया, मैनपाट और विजय लाल यादव निवासी अरगोती के रूप में हुई है। असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

दूसरी घटना लखनपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-130 पर कुंवरपुर स्थित जय बजरंग ट्रेडिंग के सामने रात करीब 10.30 बजे हुई। यहां एक अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे पैदल चल रहे युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जियाउद्दीन अंसारी पिता कलामुद्दीन अंसारी, निवासी वार्ड क्रमांक 5 लखनपुर के रूप में हुई है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है और दोनों मामलों में जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here