वंचितों के जीवन में उम्मीद की नई रोशनी बनकर आये IAS राजेश राणा

0
24

दान किया पुश्तैनी घर, खुला ‘अजीत सिंह राणा मेमोरियल स्किल सेंटर’

नई दिल्ली । समाजसेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश करते हुए आईएएस अधिकारी राजेश सिंह राणा ने अपने पिता की स्मृति में करोड़ों रुपये मूल्य का पुश्तैनी घर दान कर दिया। इस भवन में अब “Ajit Singh Rana Memorial Skill Center” की शुरुआत की गई है, जो वंचित वर्गों को निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रदान करेगा।

यह स्किल सेंटर PHD Family Welfare Foundation (PHDFWF) द्वारा Jaquar Foundation के सहयोग से ओल्ड सीमापुरी, दिल्ली में स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में रहने वाले गरीब परिवारों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।

भावुक क्षणों में पिता को समर्पित किया केंद्र

उद्घाटन समारोह में राजेश सिंह राणा अपनी माता श्रीमती राजवती राणा, परिवारजनों और अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ उपस्थित रहे। PHDFWF की चेयरपर्सन श्रीमती अनुराधा गोयल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

अपने संबोधन में राणा भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि समाज ने उन्हें ऊंचाइयों तक पहुंचाया है और अब समय है कि वे समाज को कुछ लौटाएं। उन्होंने इस सेंटर का नाम अपने दिवंगत पिता स्वर्गीय अजीत सिंह राणा के सम्मान में रखा और इसे उनके आदर्शों को समर्पित किया।

महिलाओं और युवाओं को मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण

यह फ्री स्किल डेवलपमेंट सेंटर विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं के लिए डिजाइन किया गया है। यहां टेलरिंग (सिलाई), एम्ब्रॉयडरी (कढ़ाई), इंग्लिश स्पीकिंग, सेल्फ डिफेंस, ब्यूटीशियन ट्रेनिंग, कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए कोचिंग, कंप्यूटर प्रशिक्षण सहित कई व्यावहारिक कोर्स निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।

इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रतिभागियों को रोजगार योग्य बनाना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और बेहतर जीवन के अवसर प्रदान करना है।

सामाजिक उत्थान की दिशा में बड़ा कदम

स्थानीय समुदाय के लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है। सीमापुरी जैसे क्षेत्र में इस तरह का स्किल सेंटर खुलना वंचित परिवारों के लिए नई उम्मीद लेकर आया है। यह पहल न केवल कौशल विकास बल्कि सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

आईएएस राजेश राणा की यह पहल समाज के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का उदाहरण बनकर सामने आई है।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here