एशियन पैरा गेम्स के तीन बार के चैंपियन नीरज यादव ने की आत्महत्या, खेल जगत में शोक

0
13

नई दिल्ली। भारत के दिग्गज पैरा-एथलीट और तीन बार के एशियन पैरा गेम्स चैंपियन नीरज यादव का निधन हो गया है। खबर के अनुसार, उन्होंने मंगलवार को अपने फ्लैट में आत्महत्या कर ली। नेशनल चीफ पैरा-एथलेटिक्स कोच एस. सत्यनारायण ने बुधवार को आईएएनएस से इसकी पुष्टि की। फिलहाल उनके इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

2018 में एशियन रिकॉर्ड के साथ जीता था गोल्ड

उत्तर प्रदेश के रहने वाले नीरज यादव भारत के प्रमुख पैरा-एथलीटों में शामिल थे। उन्होंने 2015 में एथलेटिक्स में अपना करियर शुरू किया था। इससे पहले वह करीब सात साल तक व्हीलचेयर टेनिस खेल चुके थे।

2016 में फाजा ग्रैंड प्रिक्स में उन्होंने पुरुषों के शॉट पुट और डिस्कस थ्रो की एफ55 स्पर्धाओं में रजत पदक जीते थे। इसके बाद 2018 एशियन पैरा गेम्स में जैवलिन थ्रो में 29.84 मीटर का एशियन रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इस प्रदर्शन ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।

हांगझोऊ एशियन पैरा गेम्स में जीते दो गोल्ड

नीरज यादव ने अक्टूबर 2023 में चीन के हांगझोऊ में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में दो स्वर्ण पदक जीते थे। उन्होंने एफ54/55/56 वर्ग की डिस्कस थ्रो स्पर्धा और पुरुषों की एफ55 जैवलिन थ्रो स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया था।

2022 में मोरक्को के माराकेच में आयोजित पैरा एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स में भी उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा, 2015 की दिल्ली स्टेट एथलेटिक्स मीट में उन्होंने शॉट पुट, जैवलिन थ्रो और डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक हासिल किए थे।

सात साल की उम्र में हुआ था पोलियो

नीरज यादव को सात साल की उम्र में पोलियो होने का पता चला था। इसके बावजूद उन्होंने खेलों में अपनी अलग पहचान बनाई और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व किया। व्हीलचेयर टेनिस से शुरुआत करने के बाद उन्होंने एथलेटिक्स में कदम रखा और लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक जीते।

उनके निधन की खबर से पैरा-खेल जगत में शोक का माहौल है। आत्महत्या के कारणों को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here