12वीं हिन्दी परीक्षा रद्द: अब 10 अप्रैल को दोबारा होगी परीक्षा
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 12वीं की हिन्दी परीक्षा को निरस्त कर दिया है। यह परीक्षा 14 मार्च 2026 को आयोजित हुई थी, जिसे अब रद्द करते हुए दोबारा आयोजित करने का फैसला लिया गया है।
मंडल की परीक्षा समिति की बैठक 23 मार्च 2026 को आयोजित हुई, जिसमें सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद यह निर्णय लिया गया। अब यह परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक पुनः आयोजित की जाएगी।
मंडल ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने परीक्षा केंद्र में उपस्थित होकर परीक्षा दें। परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
दरअसल, 14 मार्च को आयोजित हिन्दी परीक्षा के बाद 15 और 16 मार्च को सोशल मीडिया और कुछ समाचार पत्रों में प्रश्नपत्र (सेट ‘बी’) के लीक होने के दावे सामने आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई और सिटी कोतवाली में एफआईआर भी दर्ज करवाई।
माध्यमिक शिक्षा मंडल के अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस निर्णय से छात्रों को दोबारा परीक्षा देने की तैयारी करनी होगी, वहीं बोर्ड ने भरोसा दिलाया है कि आगे परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाया जाएगा।
























