पश्चिम एशिया तनाव के बीच ईरान का आरोप—अमरीका बना रहा जमीनी सैन्य कार्रवाई की योजना

0
299

तेहरान/वॉशिंगटन। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने अमरीका पर गुप्त रूप से जमीनी सैन्य कार्रवाई की योजना बनाने का आरोप लगाया है। ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर कालिबाफ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अमरीकी सैनिक ईरान की जमीन पर प्रवेश करते हैं, तो ईरानी सेना पूरी ताकत से जवाब देगी।

उन्होंने देशवासियों से राष्ट्रीय एकता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि मौजूदा हालात बेहद संवेदनशील और नाजुक मोड़ पर पहुंच चुके हैं।

अमेरिकी सैन्य गतिविधियां तेज

अमरीकी केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) के अनुसार, यूएसएस ट्रिपोली युद्धपोत 3,500 मरीन और नौसैनिकों के साथ पश्चिम एशिया पहुंच चुका है। वहीं, सेंटकॉम प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर ने इज़राइल के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर ईरान से जुड़े हालात और उसके हथियार कार्यक्रम पर चर्चा की।

इज़राइली सेना ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में ईरान के सैन्य उत्पादन से जुड़े अहम ठिकानों को निशाना बनाया जा सकता है।

ईरान की कड़ी प्रतिक्रिया

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने अमरीका और इज़राइल द्वारा ईरानी विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों को निशाना बनाए जाने की कड़ी निंदा की है।

कूटनीतिक कोशिशें जारी

तनाव कम करने के प्रयासों के तहत सऊदी अरब, मिस्र, तुर्की और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों ने इस्लामाबाद में बैठक कर क्षेत्रीय सुरक्षा और शांति बहाली पर चर्चा की।

बढ़ता जा रहा है मौत का आंकड़ा

इस संघर्ष में अब तक 3,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 1900 से अधिक ईरान में 1100 लेबनान में 80 इराक में 20 खाड़ी देशों में और 19 इज़राइल में शामिल हैं।

पश्चिम एशिया में तेजी से बदलते हालातों ने वैश्विक चिंता बढ़ा दी है और स्थिति किसी बड़े संघर्ष की ओर बढ़ती नजर आ रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here